आरंग के दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, महासमुंद से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा आरंग थाना क्षेत्र में नदी मोड़ के पास हुआ। हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू किसी काम से आरंग से महासमुंद गए थे। लौटते समय उनकी टाटा विस्टा कार रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी युवकों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
इधर गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम चंपारण में भी एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



