पंडरिया में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलाते दो सटोरिए गिरफ्तार, मोबाइल और तकनीकी साक्ष्य जब्त

कवर्धा। आईपीएल सीजन के दौरान अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में थाना पंडरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले दो सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर घोघरापारा क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर की गई।
डिजिटल माध्यम से चल रहा था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, शनिवार 11 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक डिजिटल माध्यम से सट्टा नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महेंद्र ढीमर उर्फ छोटा (25 वर्ष) और नागेश्वर उर्फ सोनू राव (31 वर्ष) को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से सट्टा लिंक प्राप्त करते थे और व्हाट्सएप चैट के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर ऑनलाइन लेन-देन करते थे।
तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 स्मार्ट मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और सोशल मीडिया चैट की तकनीकी जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
कबीरधाम पुलिस ने सट्टेबाजी में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने में दें।



