वेनेजुएला को लेकर ट्रम्प का कड़ा बयान, अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को दी चेतावनी

नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रम्प ने कहा है कि यदि डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला के लिए अमेरिका जो सही मानता है, उस पर अमल नहीं करतीं, तो उनका हाल राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से भी ज्यादा खराब हो सकता है।
ट्रम्प ने यह बयान द अटलांटिक मैग्जीन को दिए एक इंटरव्यू में दिया। इससे एक दिन पहले ट्रम्प ने कहा था कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने डेल्सी रोड्रिग्ज से बातचीत की है और वे वेनेजुएला में लोगों के जीवन स्तर में सुधार को लेकर अमेरिका की अपेक्षाओं पर काम करने को तैयार हैं।
न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए एक अन्य इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि यदि रोड्रिग्ज अमेरिका की शर्तों को मान लेती हैं, तो वेनेजुएला में अमेरिकी सेना की तैनाती की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। दूसरी ओर, डेल्सी रोड्रिग्ज ने मादुरो को सत्ता से हटाने की आलोचना की है और अमेरिका से मादुरो को वापस भेजने की मांग भी की है।
इस बीच वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त करने का आदेश दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें तत्काल प्रभाव से राष्ट्रपति के सभी अधिकारों के साथ अंतरिम रूप से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।



