सीजफायर के बाद ट्रंप का बड़ा बयान: ईरान में सकारात्मक सत्ता परिवर्तन, यूरेनियम संवर्धन बंद करने पर सहमति

सीजफायर के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में सकारात्मक सत्ता परिवर्तन हुआ है। उनके अनुसार, अमेरिका द्वारा रखी गई 15 शर्तों में से कई पर ईरान सहमत हो गया है, जिनमें से कुछ पर पहले से सहमति बनी हुई थी। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अब ईरान में यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जाएगा और अमेरिका परमाणु अवशेषों को खोदकर निकालेगा।
ट्रंप ने चेतावनी दी कि ईरान को हथियार देने वाले देशों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “जो भी देश ईरान को हथियार सप्लाई करेगा, उससे अमेरिका आने वाले हर सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लगेगा, और इसमें किसी को छूट नहीं मिलेगी।”
ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत को लेकर बातचीत जारी है। यदि ईरान शर्तों का पालन करता है, तो अमेरिका उसके साथ मिलकर काम करेगा और बदले में ईरान पर लगे कड़े प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के परमाणु ठिकानों पर सैटेलाइट से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।


