सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तिहरा हत्याकांड, आपसी रंजिश में पड़ोसी ने एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतारा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्राम झाल में आपसी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पड़ोसी ने पुरानी दुश्मनी के कारण एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में एक महिला, उसके बेटे और नाती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं, हमले में घायल महिला के पति और बहू की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पीड़ित परिवार का रिश्तेदार और पड़ोसी है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों सदस्यों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही डोंगरीपाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


