दिल्ली से मेरठ का सफर अब और आसान: पीएम मोदी ने 82 किमी लंबे नमो भारत कॉरिडोर का किया शुभारंभ

नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी ने रविवार 22 फरवरी को मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली गाजियाबाद मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का शेष हिस्सा भी संचालन में आ गया है। यह देश का पहला रूट है जहां नमो भारत रैपिड ट्रेन और मेट्रो ट्रेन एक ही ट्रैक पर संचालित होंगी।
इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और सुगम हो जाएगा। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। यह कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां को मेरठ के मोदीपुरम से जोड़ता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह परियोजना देशवासियों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना भी सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पहुंचे। उद्घाटन के तहत दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर का सेक्शन शुरू किया गया है। सराय काले खां इस कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन है और उद्घाटन के साथ चार नए नमो भारत स्टेशन भी शुरू हो गए हैं।



