रायपुर के पास दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार को 200 फीट तक घसीटा, मौके पर ही मौत

रायपुर। राजधानी से लगे अभनपुर के गोबरा नवापारा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह घटना गोबरा नवापारा नगर के चंपारण चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, तेज गति से आ रहे हाईवा ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह वाहन के नीचे आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि हाईवा चालक ने व्यक्ति को करीब 200 फीट तक घसीट दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



