रायपुर में आज ट्रैफिक अलर्ट, दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक कई रास्ते रहेंगे प्रभावित

रायपुर। राजधानी में सोमवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में भाजपा की आक्रोश रैली के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने वाला है। ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी कर लोगों को पहले से सतर्क रहने की अपील की है।
रैली बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक और महिला थाना चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम तक जाएगी। इस दौरान बूढ़ेश्वर चौक से लेकर सुभाष स्टेडियम तक कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही बाधित रहेगी। भीड़ के कारण दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बूढ़ेश्वर चौक, गणेश मंदिर तिराहा, श्याम टॉकीज, सदानी चौक, कोतवाली चौक, बंजारी चौक, कालीबाड़ी चौक और आकाशवाणी चौक से नलघर चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा। लोगों को इन मार्गों से बचने की सलाह दी गई है।
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बूढ़ेश्वर चौक से कैलाशपुरी ढाल, पुलिस लाइन गेट होते हुए नेहरू नगर की ओर जाने का मार्ग सुझाया गया है। वहीं कालीबाड़ी से महिला थाना चौक, काली माता तिराहा और अंबेडकर चौक होकर भी आवागमन किया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि लोग अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर न निकलें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम से बचा जा सके।


