लोरमी में आधी रात को मच गई चीख-पुकार: कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग ने सब कुछ कर दिया खाक, प्रशासन की बड़ी लापरवाही आई सामने
मुंगेली। लोरमी के वार्ड क्रमांक 7 स्थित रिहायशी इलाके में संचालित एक कबाड़ी दुकान में रविवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आसमान में काले धुएं का गुबार साफ नजर आने लगा। गौरतलब है कि यह घटना एसडीएम और तहसील कार्यालय के बेहद करीब हुई है जिससे सरकारी दफ्तरों पर भी खतरे की स्थिति बनी रही।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और आपातकालीन नंबरों पर लगातार फोन किए गए लेकिन घंटों तक किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।
प्रशासन की इस बेरुखी के बाद वार्ड के लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाला और हैंडपंप व घरों से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की।
पूरी रात स्थानीय लोग आग पर काबू पाने की जद्दोजहद करते रहे लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर स्वाहा हो गया।
इस अग्निकांड ने रिहायशी इलाकों में चल रही ऐसी दुकानों की सुरक्षा और दमकल विभाग की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के असली कारणों की जांच में जुट गए हैं।



