विधानसभा बजट सत्र का सातवां दिन आज, स्मार्ट सिटी और सिरपुर महोत्सव के मुद्दों पर गरमाएगा सदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन आज सदन की कार्यवाही काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंक राम वर्मा विधायकों द्वारा पूछे गए विभिन्न जनहित के सवालों के जवाब देंगे।
सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से भी कई अहम मुद्दे उठाए जाएंगे। विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़ी समस्याओं और कार्यों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं, विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आयोजन में हुए आय-व्यय के विवरण को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
कार्यवाही के दौरान सभापति अमर अग्रवाल सदन के पटल पर विभिन्न प्रतिवेदन रखेंगे। इसके साथ ही विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू अपनी-अपनी याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। आज के सत्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।


