धू-धू कर जला टाइगर पॉइंट: पर्यटन स्थल पर आग का तांडव, राख हुईं कई दुकानें, शॉर्ट सर्किट की आशंका

सरगुजा। मैनपाट के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टाइगर पॉइंट में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। आग ने देखते ही देखते आसपास बनी झोपड़ीनुमा दर्जनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में अधिकांश दुकानें जलकर राख हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें बेहद तेज थीं, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल प्रशासन को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकानें जलती हुई दिखाई दे रही हैं।
आगजनी से छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से सहायता और मुआवजे की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में जांच शुरू कर दी गई है।



