भाजपा का कांग्रेस पर डिजिटल वार: रैप सॉन्ग के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और घोटालों पर साधा निशाना

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। इसका ताजा उदाहरण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा द्वारा साझा किया गया एक रैप सॉन्ग है, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आरोप लगाए गए हैं।
भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @BJP4CGState पर पोस्ट किए गए इस रैप वीडियो में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए कथित घोटालों का जिक्र किया गया है। पोस्ट में लिखा गया है कि कांग्रेस सरकार में घोटालों का रिवाज रहा और भूपेश बघेल को घोटालेबाजों का सरताज बताया गया है।
करीब एक मिनट 21 सेकंड के इस वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके पुत्र चैतन्य बघेल, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी उल्लेख किया गया है। वीडियो में शराब घोटाला, कोयला लेवी घोटाला और चावल घोटाले सहित कई मामलों का जिक्र किया गया है।
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब देखना होगा कि इस पोस्ट को लेकर सियासी प्रतिक्रिया किस तरह सामने आती है।



