विधानसभा परिसर में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिविर में स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर जांच कराने से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रह सकता है और गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राज्य की आधारशिला होते हैं।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य संजीव कुमार झा, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


