बिलासपुर में बर्ड फ्लू का खतरा: कलेक्टर ने 10 किमी के दायरे में चिकन-अंडे की बिक्री पर लगाई रोक, कारोबार ठप

बिलासपुर। जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर शहर से लगे कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि होने के बाद 10 किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों को पोल्ट्री फार्म, होटल और चिकन दुकानों को बंद कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रतिबंध के चलते निगम क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 50 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित हो रहा है। विभागीय टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने पर सामग्री जब्त कर नष्ट की जा रही है।
इसके अलावा होटल और रेस्टोरेंट में भी चिकन और अंडों के उपयोग तथा बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसकी निगरानी खाद्य विभाग कर रहा है।
पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर ने बताया कि संक्रमित क्षेत्र और उसके आसपास 10 किलोमीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके लिए 4-4 सदस्यों की 9 टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार क्षेत्र में निरीक्षण कर रही हैं।



