छत्तीसगढ़ में दो दिनों तक ठंड से राहत, रात के तापमान में बढ़ोतरी के संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में प्रदेशभर में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि इसके बाद किसी बड़े परिवर्तन के आसार नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ को प्रभावित करने वाले दो सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में द्रोणिका के रूप में स्थित है, जिसका अक्ष समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर लगभग 60 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 25 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में है। वहीं पूर्वोत्तर क्षेत्र में समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 110 नॉट की गति वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय बनी हुई है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन के दौरान अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



