छत्तीसगढ़ में ठंड से थोड़ी राहत के आसार, चार दिन बाद शीतलहर की संभावना

रायपुर। हवा की दिशा में बदलाव के कारण प्रदेश में ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन-चार दिन बर्फ जमाने वाली ठंड में कमी आएगी तथा रात के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि चार दिन बाद फिर शीतलहर के आसार बन सकते हैं।
दिसंबर के पहले पखवाड़े में रायपुर सहित उत्तर, मध्य एवं दक्षिणी हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बने रहे। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 5.6 डिग्री, रायपुर में 12.9 डिग्री (सामान्य से 1.5 डिग्री कम) तथा माना में 9.4 डिग्री (सामान्य से 4 डिग्री कम) दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में सोमवार को सुबह धुंध एवं दिन में आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।



