मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे, उपलब्धियों और संकल्पों का किया उल्लेख

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे हो गए हैं। ठीक इसी दिन उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने एक्स पर संदेश जारी कर कहा कि उनकी सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है। दो वर्षों में अधिकांश बड़े वादों को पूरा किया गया है और शेष घोषणाओं पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य तेजी से जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जनजातीय समाज के गौरव, राष्ट्रीय नायक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह का पावन दिवस है। इसी ऐतिहासिक दिन भाजपा विधायक दल ने उन्हें सर्वसम्मति से अपना नेता चुना था। साय ने इस विश्वास के लिए संगठन, विधायकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
साय ने कहा कि जनता व संगठन द्वारा जताया गया भरोसा उन्हें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक उत्तरदायी बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर विश्वास कर जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश दिया। सरकार का पहला कर्तव्य था कि प्रमुख वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, जिसमें संतोषजनक प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो वर्ष किसी राज्य की विकास यात्रा के लिए कम समय होता है, लेकिन इस अवधि में सरकार ने जनता के बीच भरोसे की मजबूत नींव तैयार की है। विकसित छत्तीसगढ़ निर्माण के लिए दीर्घकालीन दृष्टि, सतत प्रयास और स्पष्ट रोडमैप आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट और नई औद्योगिक नीति के माध्यम से आने वाले वर्षों के लिए दिशा तय की है, जिससे उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में व्यापक बदलाव लाए जा सकें।
साय ने कहा कि उनका लक्ष्य एक ऐसे सुखी और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण करना है, जहां युवाओं को बेहतर अवसर मिलें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुंचें। शहीद वीर नारायण सिंह के न्यायपूर्ण और स्वाभिमानी समाज के स्वप्न को साकार करना सरकार की प्रेरणा और संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।



