प्रेम प्रसंग में युवक ने दी जान: प्रेमिका से मनमुटाव के बाद कीटनाशक का किया सेवन, ग्राम कुल्हाड़ी की घटना

अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम कुल्हाड़ी में एक युवक ने प्रेमिका से विवाद के बाद कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजन उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम कुल्हाड़ी निवासी गणेश कुमार 29 वर्ष, पिता बुधराम, मजदूरी का काम करता था। उसका कल्याणपुर निवासी एक युवती से प्रेम संबंध था। 15 फरवरी की शाम गणेश काम से लौटने के बाद कुछ देर में फिर गांव की ओर चला गया।
करीब दो घंटे बाद वह शराब के नशे में घर लौटा। पिता बुधराम ने उसे खाना खाने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया और पिता के साथ ही बिस्तर पर लेट गया। कुछ देर बाद उसे उल्टी होने लगी। पूछने पर गणेश ने बताया कि उसने कीटनाशक पी लिया है।
परिजन उसे तत्काल मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां गणेश ने पिता को बताया कि प्रेमिका से मनमुटाव के कारण उसने यह कदम उठाया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



