महिला सेना पुलिस भर्ती रैली 23 फरवरी को कटनी में, छत्तीसगढ़ की चयनित अभ्यर्थी होंगी शामिल

रायपुर। भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से सेना भर्ती कार्यालय जबलपुर द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड झिंझरी, कटनी (मध्यप्रदेश) में होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों की चयनित महिला अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी।
भारतीय सेना द्वारा 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में सफल घोषित महिला उम्मीदवारों को ही भर्ती रैली में शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और अन्य चयन प्रक्रियाओं में शामिल किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में कराई जाएगी। चिकित्सकीय रूप से फिट पाए जाने पर ही अंतिम चयन किया जाएगा।
सेना ने भर्ती रैली में शामिल होने वाली अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं, जिन्हें उम्मीदवार डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी भेजे गए हैं।
अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर प्रवेश पत्र के साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन अनिवार्य रूप से लाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवतियों के लिए भारतीय सेना में सम्मानजनक और अनुशासित करियर बनाने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।



