Chhattisgarh

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर टपरिया बॉर्डर: ट्रांसपोर्टरों के बीच हिंसक झड़प के बाद तनाव, बॉर्डर सील, कोयला परिवहन ठप

रायगढ़। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर स्थित टपरिया बॉर्डर में दो दिन पूर्व रायगढ़ तथा ओडिशा के ट्रांसपोर्टरों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। इस घटना के बाद तमनार थाना में दोनों पक्षों की शिकायतों पर 100 से अधिक लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर रायगढ़ जिला प्रशासन तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ जिला प्रशासन ने टपरिया बॉर्डर को सील कर दिया है, जिसके फलस्वरूप मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं तथा सैकड़ों ट्रक फंसे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम टपरिया बॉर्डर पर रायगढ़ ट्रेलर मालिक संघ के सदस्यों के साथ ओडिशा के ट्रांसपोर्टरों द्वारा मारपीट की गई। विवाद मुख्यतः कोयला परिवहन में लोडिंग, भाड़ा तथा कथित वसूली को लेकर हुआ था। पुलिस ने मामले में नामजद तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रायगढ़ ट्रेलर यूनियन के अध्यक्ष आशीष यादव ने बताया कि प्रशासन ने फिलहाल टपरिया बॉर्डर बंद कर दिया है। स्थिति नियंत्रित होने पर सीमित समय के लिए बॉर्डर खोला जाएगा ताकि दोनों राज्यों में फंसे वाहन वापस लौट सकें। इसके बाद मामले के पूर्णतः सुलझने तक बॉर्डर पुनः सील रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते थे, लेकिन बॉर्डर बंद होने से कोयला परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे कई कंपनियों तथा ट्रांसपोर्टरों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि तमनार थाना में आशीष यादव द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार वे लोग छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर के निकट हमीरपुर स्थित कार्यालय में बैठे थे। तभी लगभग 100 से 140 लोगों का समूह आया, जो कुछ घातक हथियारों से लैस था। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मारपीट की। साथ ही प्रार्थी के पास रखे 15 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए।

प्रार्थी ट्रांसपोर्टर मालिक संघ का पदाधिकारी है। रिपोर्ट के आधार पर तमनार थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 191(2), 191(3), 190, 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि 6 लोगों के विरुद्ध नामजद तथा अन्य 100 से 140 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा वैधानिक कार्यवाही प्रगति पर है।

Chaiपुर
Show More

NU Desk

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button
PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker