वेलेंटाइन डे पर सुहावना रहेगा मौसम का मिजाज, घूमने-फिरने के लिए राजधानी में राहत भरे आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम सामान्य बना हुआ है और वेलेंटाइन डे पर अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यह मौसम काफी राहत देने वाला रहेगा। राजधानी रायपुर में दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, हालांकि सुबह धुंध रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं जताई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। आगामी दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली प्रभावी नहीं है, जिससे मौसम शुष्क बना हुआ है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह धुंध का असर हो सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।


