छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, 48 घंटे में तापमान बढ़ने के साथ बारिश और तेज हवाओं के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख धीरे-धीरे बदलने लगा है। फिलहाल तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर बना हुआ है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर हल्की गतिविधियां जारी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल से ओडिशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। अगले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि दो दिन बाद मौसम की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
राजधानी रायपुर में 26 मार्च को मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



