सीतागांव में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, कई जवान घायल

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। ग्राम सीतागांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने वन अमले और सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया तथा लाठी-डंडे भी चलाए। घटना में कई जवानों के घायल होने की जानकारी है। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर बुलाना पड़ा। बाद में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई बातचीत के बाद स्थिति शांत हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम पूर्व में जारी नोटिस के आधार पर सीतागांव में वन भूमि पर बने अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। वन विभाग की ओर से 13 मकानों और झोपड़ियों को हटाने का नोटिस पहले ही जारी किया जा चुका था। जैसे ही जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
विरोध के दौरान महिलाएं सबसे आगे रहीं और उन्होंने सुरक्षा बलों का सामना किया। हालात तनावपूर्ण होते देख अतिरिक्त बल तैनात किया गया, लेकिन इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। करीब एक घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। प्रशासन की समझाइश और बातचीत के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया जा सका।



