संकट में भी संघर्ष जारी: तेज बारिश और तूफान के बीच रात भर सड़क पर रहे डीएलएड अभ्यर्थी

रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात आई तेज आंधी, तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया, लेकिन नवा रायपुर के तूता स्थित धरना स्थल पर डीएलएड अभ्यर्थियों का हौसला नहीं टूटा। खराब मौसम और तेज हवाओं के बावजूद अभ्यर्थी पूरी रात अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
तेज हवा और बारिश के कारण धरना स्थल पर लगा टेंट फट गया और अभ्यर्थियों का सामान उड़ गया। इस दौरान कई अभ्यर्थी भीग गए, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने धरना स्थल नहीं छोड़ा। वर्तमान में सैकड़ों अभ्यर्थी अस्थायी शेड के सहारे धरना जारी रखे हुए हैं।
धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों के अनुसार वे पिछले करीब 85 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। बीती रात करीब साढ़े तीन बजे आए तूफान में उनका टेंट क्षतिग्रस्त हो गया और सामान नष्ट हो गया। इस घटना में उन्हें लगभग ढाई से तीन लाख रुपये तक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं तो वे जल्द ही उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से अपील की है कि 2300 पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए।


