पुलिस विभाग में दूर होगी स्टाफ की कमी: पीएचक्यू ने तैयार किया भर्ती का खाका, सरकार की मंजूरी का इंतजार

भोपाल। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस मुख्यालय की चयन एवं भर्ती शाखा ने करीब 10 हजार पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा है।
प्रस्ताव के अनुसार भर्ती में लगभग 7500 आरक्षक, 1000 ड्राइवर और 1200 मिनिस्ट्रियल स्टाफ के पद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश में आरक्षक के करीब 13 हजार पद फिलहाल रिक्त हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक हर साल करीब 11 से 12 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त होते हैं, जिससे बल में कमी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले ही 22 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा कर चुके हैं। वहीं वर्ष 2025 की पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत वर्तमान में अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण जारी है।



