1 से 3 फरवरी तक सिरपुर में होगा सिरपुर महोत्सव, मुख्यमंत्री को मिला आमंत्रण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मंत्रालय महानदी भवन में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने जिले के ऐतिहासिक स्थल सिरपुर में 1 से 3 फरवरी तक आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिरपुर महोत्सव छत्तीसगढ़ की प्राचीन सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत को संरक्षित करने और आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने सिरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व आजीविका के नए अवसर पैदा होते हैं। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर और धर्मेंद्र महोबिया भी उपस्थित रहे।



