बोर्ड परीक्षाओं के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल की हेल्पलाइन शुरू, विद्यार्थियों को मिलेगा मनोवैज्ञानिक मार्गदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षाओं के सुचारु आयोजन और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन सेवा प्रारंभ कर दी है। यह सुविधा हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी व्यावसायिक परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रूप से संचालित की जा रही है।
हेल्पलाइन सेंटर के माध्यम से विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक अपनी शैक्षणिक समस्याओं और मानसिक तनाव के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। मंडल द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1800-233-4363 पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस सेवा की खास बात यह है कि रविवार को भी कार्यालयीन समय के दौरान यह टोल फ्री नंबर सक्रिय रहेगा।
हेल्पलाइन में प्रतिदिन मनोचिकित्सक, मनोवैज्ञानिक और शैक्षिक अभिप्रेरक उपस्थित रहेंगे। ये विशेषज्ञ विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को प्रबंधित करने के तरीके बताएंगे और मंडल के अधिकारी शैक्षणिक कठिनाइयों को दूर करेंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की दुविधा या तनाव होने पर इस सेवा का लाभ उठाएं ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और तनावमुक्त माहौल में संपन्न हो सकें।



