शादी से लौट रहे थे सरपंच, अज्ञात थार गाड़ी ने ली दो लोगों की जान, मची चीख-पुकार

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक सरपंच सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव और परिजनों में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मुशरान पिपरिया के सरपंच रोशन सिंह मेहरा अपने साथी भगवत सिंह झरिया के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम धमना बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार से आ रही थार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थार वाहन में सवार लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच अधिकारी दिलीप सिसोदिया ने बताया कि हादसा रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। सुबह पंचनामा की कार्रवाई के बाद आगे की जांच की जा रही है।



