सुशासन तिहार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। विष्णु देव साय ने कहा है कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकार को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने यह बात बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों तक पहुंचकर यह जानने का प्रयास कर रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि रायपुर में बैठकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को पूरी तरह समझना संभव नहीं है, इसलिए पूरी सरकार सीधे गांवों में जाकर लोगों से संवाद कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में कई स्थानों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया गया है और दो साल का बकाया बोनस भी किसानों को मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं के खातों में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। इस योजना से महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने “लखपति दीदी” अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग और अन्य सुविधाएं गांव में ही मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि अब रजिस्ट्री के साथ तत्काल नामांतरण की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है। इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं ऑनलाइन और टोल फ्री नंबर पर दर्ज करा सकेंगे और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया तथा नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान टंकराम वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक मौजूद रहे।



