51 फीट ऊंची श्री राम की नई प्रतिमा रायपुर पहुंची, पुरानी मूर्ति के विवाद के बाद चंदखुरी में विधि-विधान से होगी स्थापना

रायपुर। कौशल्या माता मंदिर परिसर में स्थापना के लिए ग्वालियर से भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची वनवासी प्रतिमा रायपुर पहुंच गई है। इस प्रतिमा का निर्माण ग्वालियर स्थित रीजनल आर्ट एंड क्राफ्ट डिजाइन सेंटर में प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा ने किया है।
नई प्रतिमा की स्थापना वर्ष 2021 में स्थापित 51 फीट ऊंची प्रतिमा के स्थान पर की जाएगी। पूर्ववर्ती सरकार के दौरान राम वन पथ गमन और कौशल्या धाम के जीर्णोद्धार को विशेष परियोजना के रूप में प्रस्तुत किया गया था। उस समय प्रतिमा के स्वरूप को लेकर विपक्ष में रही भाजपा ने आपत्ति जताई थी और इसे भगवान राम के अनुरूप नहीं बताया था।
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने 20 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर नई प्रतिमा की स्थापना में हो रही देरी पर सवाल उठाया था। पत्र में कहा गया था कि सरकार गठन के बाद भी प्रतिमा परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से लोगों में निराशा है।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने आश्वासन दिया है कि चंदखुरी स्थित मंदिर परिसर में इसी माह नई प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिमा पूरी तरह तैयार है और रायपुर पहुंच चुकी है। विधि-विधान के साथ इसकी स्थापना की जाएगी।



