मौत के साये में गहरी नींद: बगल में फटी बाइक की टंकी, नशे में सो रहे युवक को नहीं लगी भनक

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह घटना सर्वमंगला चौकी के अंतर्गत ग्राम पड़निया की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पड़निया निवासी मनीराम यादव सर्वमंगला की ओर से अपने घर लौट रहा था। अत्यधिक शराब के सेवन के कारण उसने रास्ते में ही अपनी बाइक खड़ी कर दी और पास ही गहरी नींद में सो गया। इसी दौरान अचानक बाइक में आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था या कुछ और, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि बाइक से उठती आग की लपटों की चपेट में चालक नहीं आया और वह सुरक्षित बच गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई है।



