भव्यता के साथ संपन्न हुआ मोरध्वज आरंग महोत्सव 2026, मुख्यमंत्री ने की कई विकास घोषणाएं

रायपुर। राजा मोरध्वज की त्याग, धर्म और सत्यनिष्ठा की गौरवगाथा को समर्पित मोरध्वज आरंग महोत्सव 2026 का समापन समारोह ऐतिहासिक गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राजा मोरध्वज का जीवन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों का अमर प्रतीक है, जो आज भी समाज को सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आरंग की यह पुण्यभूमि त्रेता युग में प्रभु श्रीराम के चरण-स्पर्श और द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण की स्मृतियों से अनुप्राणित रही है। उन्होंने बागेश्वर बाबा में विधिवत जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सतत विकास की कामना की।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने समोदा उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने और वहां पूर्णकालिक तहसीलदार की पदस्थापना की घोषणा की। साथ ही मोरध्वज महोत्सव के लिए दिए जाने वाले शासकीय अनुदान को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित खेल परिसर सहित अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के अनुरूप जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को विकास नीति का प्रमुख आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि संवेदनशील शासन, त्वरित निर्णय और जनता से सीधा संवाद सरकार की पहचान है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू को रेत से भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम और भगवान बागेश्वरनाथ की दिव्य आकृतियां उकेरने के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कलाकार की सृजनशीलता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कला छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाती है।
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों, मातृशक्ति, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और प्रदेशवासियों को मोरध्वज महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, गुरु बालकदास साहेब, सांसद विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, विधायक इंद्रकुमार साहू, मोतीलाल साहू, रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



