रायपुर में आवारा कुत्तों का आतंक बरकरार, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे के बेटे को काटा

रायपुर: राजधानी रायपुर में आवारा कुत्तों के हमले की एक और घटना सामने आई है। पूर्व महापौर प्रमोद दुबे के बेटे को चार कुत्तों ने दौड़ाकर काट लिया। इस घटना के बाद प्रमोद दुबे ने नगर निगम एवं राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
दुबे ने कहा कि एक साल में रायपुर में 51 हजार डॉग बाइट के मामले दर्ज हुए हैं, जिससे स्पष्ट है कि समस्या के निदान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं हो रहे। संवेदनशील मुद्दों पर कार्रवाई की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं। यह नगर निगम एवं सरकार के बीच टकराव का परिणाम है।
सोशल मीडिया पर कुत्तों द्वारा लोगों को काटने, नोचने एवं घसीटने के वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुत्तों के नाम पर अधिकारी एवं भाजपा नेता अपनी जेब भर रहे हैं, जबकि आम जनता भुगत रही है। आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण एवं शेल्टर होम केवल कागजों पर संचालित हो रहे हैं।



