माओवादी संगठन को लगा अब तक का सबसे बड़ा झटका, पोलित ब्यूरो सदस्य देवजी समेत चार शीर्ष नेताओं ने किया आत्मसमर्पण

जगदलपुर। माओवादी संगठन को अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक झटका लगा है। संगठन के पोलित ब्यूरो सदस्य टिप्पिरी थिरुपथी उर्फ देवजी उर्फ कुम्मा दादा ने अपने तीन अन्य शीर्ष साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी ने तेलंगाना के डीजीपी शिवधर रेड्डी के समक्ष हथियार डालते हुए मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
देवजी के साथ आत्मसमर्पण करने वाले नेताओं में केंद्रीय समिति सदस्य मल्ला राजी रेड्डी उर्फ संग्राम, स्टेट कमेटी मेंबर बड़े चोक्का राव उर्फ दामोदर और स्टेट कमेटी सदस्य नुने नरसिम्हा रेड्डी उर्फ सन्नू दादा शामिल हैं। यह घटनाक्रम ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि माओवादी संगठन के इतिहास में पहली बार दो केंद्रीय स्तर के नेताओं ने एक साथ हथियार डाले हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव, निरंतर चलाए जा रहे सघन ऑपरेशनों और संगठन के भीतर कमजोर पड़ते नेटवर्क के कारण यह बड़ी सफलता मिली है। इसे नक्सल उन्मूलन की दिशा में सुरक्षा बलों की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।



