विमान हादसे में शहीद पीएसओ विदिप जाधव का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई विदाई

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप दिलीप जाधव का गुरुवार तड़के उनके पैतृक गांव तारडगांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार को बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार और क्रू मेंबर्स के साथ विदिप जाधव का भी निधन हो गया था।
विदिप जाधव मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कांस्टेबल थे और वर्तमान में स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट में तैनात थे। वह उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें जिला परिषद चुनाव से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल होना था। बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर बुधवार रात करीब 8:30 बजे उनके पैतृक गांव तारडगांव पहुंचा। आधी रात के बाद आयोजित अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान लोनंद पुलिस स्टेशन के जवानों ने विदिप जाधव को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनके छोटे बेटे ने जब पिता को मुखाग्नि दी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
विदिप जाधव मूल रूप से ठाणे के विटावा इलाके के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विदिप जाधव की असमय मौत से विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवान खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।



