नक्सलियों के सरेंडर पर अंतिम तारीख तय कर सकता है गृह मंत्रालय, कंधमाल में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी

रायपुर। नक्सलियों के सरेंडर और पुनर्वास को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय नक्सलियों के आत्मसमर्पण की अंतिम तारीख तय कर सकता है। अनुमान जताया जा रहा है कि जनवरी 2026 तक सरेंडर और पुनर्वास की समय-सीमा निर्धारित की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से सशस्त्र नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही नक्सलवाद समाप्त करने की घोषणा कर चुके हैं।
इधर, एक अन्य घटनाक्रम में नक्सली कमांडर गणेश उईके समेत छह नक्सलियों को ढेर किए जाने के बाद ओड़िशा के कंधमाल जिले के उसी जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने कंधमाल जिले के जंगल से दो आईईडी बरामद किए हैं।
सुरक्षाबलों ने मौके पर ही दोनों आईईडी को नियंत्रित विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया। क्षेत्र में अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए अभियान जारी रखा गया है। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी ओड़िशा पुलिस के डीआईजी ऑपरेशन आईपीएस अखिलेश्वर सिंह द्वारा लगातार की जा रही है।



