आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होगी धर्मनगरी: घंटियों की विशेष थीम से सजा डोंगरगढ़ मंदिर, लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी पूरी

डोंगरगढ़। चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी धाम में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार मंदिर परिसर को विशेष रूप से भगवा थीम और आकर्षक डिजिटल लाइटिंग से सजाया गया है, जिससे पूरा धाम आस्था और भक्ति के रंग में नजर आएगा।
नवरात्रि के दौरान इस वर्ष 8 हजार से अधिक ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें से नीचे स्थित मंदिर में लगभग 901 और पहाड़ी पर स्थित मुख्य मंदिर में करीब 7,500 ज्योति कलश जलाए जाएंगे। इन दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर जगमगाएगा और भक्तिमय वातावरण बनेगा।
हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन, पुलिस और रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन और प्रमुख ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी सुनिश्चित किया गया है।
मंदिर परिसर, पदयात्री मार्ग और सीढ़ियों पर साफ-सफाई, रोशनी और पेयजल की व्यवस्था की गई है। साथ ही चिकित्सा शिविर और विश्राम स्थलों की भी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा के लिहाज से भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। लगभग एक हजार पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी, जो मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम का भी गठन किया गया है।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मां बम्लेश्वरी धाम आस्था, परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं का संगम बना रहेगा, जहां हजारों दीपों की रोशनी और भक्तों की श्रद्धा एक दिव्य वातावरण का निर्माण करेगी।



