कटनी में खूनी रफ्तार का कहर: हार्वेस्टर की टक्कर से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने की स्पीड ब्रेकर की मांग

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रा कॉलोनी के पास देर रात हार्वेस्टर और बाइक के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम मोहतरा देऊर निवासी होरीलाल बघेल (26) के रूप में हुई है, जो हार्वेस्टर ऑपरेटर था। हादसे में बाइक सवार झिन्ना पिपरिया गांव के विपिन श्रीवास्तव घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने हार्वेस्टर चालक को पकड़कर डायल 112 के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों गेहूं कटाई का कार्य चल रहा है, जिससे बाहर से आए हार्वेस्टर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



