छत्तीसगढ़ में ठंड और शीतलहर का असर जारी, अगले तीन दिन तापमान में गिरावट के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रभाव लगातार बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चली है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक हल्की गिरावट होने और उत्तर मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन दुर्ग जिले के एक दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। दिन के समय हल्के बादल छाए रहे और शाम के समय ठंडक महसूस की गई। हवा की औसत गति 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग ने बताया कि 25 दिसंबर को रायपुर शहर में कुहासा छाए रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। अगले एक से दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों को ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने और आवश्यक एहतियात अपनाने की सलाह दी है।



