मध्य प्रदेश मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, मृत मतदाताओं में जबलपुर और मल्टीपल एंट्री में बुरहानपुर शीर्ष पर

भोपाल। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही मध्य प्रदेश की मतदाता सूची की स्थिति स्पष्ट हो गई है। ड्राफ्ट आंकड़ों के अनुसार मृत मतदाताओं की संख्या के मामले में जबलपुर जिला सबसे आगे है, जहां 51,357 ऐसे मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है।
वहीं एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने यानी मल्टीपल एंट्री के मामलों में बुरहानपुर जिला शीर्ष पर रहा है। यहां 23,594 मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगहों पर दर्ज मिले हैं। इंदौर और भोपाल में सबसे अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटे हैं, जबकि वोटर शिफ्टिंग के मामलों में भोपाल पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है।
चुनाव आयोग के अनुसार एसआईआर के प्रारंभिक चरण में कमजोर या धीमे नेटवर्क वाले क्षेत्रों की पहचान की गई थी। ऐसे क्षेत्रों के बीएलओ को मजबूत नेटवर्क वाले स्थानों पर एकत्र कर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, ताकि कार्य समयसीमा में पूरा किया जा सके।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 42.74 लाख मतदाता सूची से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा 8 लाख 65 हजार 832 ऐसे मतदाता हैं, जिनसे आयोग संपर्क नहीं कर पाया। इनका डेटा वर्ष 2003 की एसआईआर सूची से मेल नहीं खा सका है।
चुनाव आयोग की ओर से बुधवार से 8.65 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन मतदाताओं को आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेज बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत करने होंगे, जिसके आधार पर उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
सबसे अधिक वोटर शिफ्टिंग भोपाल में
प्रदेश में सबसे अधिक 2 लाख 86 हजार 661 मतदाता भोपाल में शिफ्ट हुए हैं। इसके बाद इंदौर में 1 लाख 97 हजार 898, ग्वालियर में 1 लाख 48 हजार 273, जबलपुर में 1 लाख 15 हजार 437 और सागर में 80 हजार 901 मतदाता शिफ्ट पाए गए हैं। सभी जिलों को मिलाकर कुल शिफ्टेड वोटर्स की संख्या 22 लाख 78 हजार 393 है।
एबसेंट वोटर्स में इंदौर आगे
एबसेंट वोटर्स की रिपोर्ट के अनुसार इंदौर में सबसे अधिक 1 लाख 75 हजार 424 मतदाता अनुपस्थित पाए गए हैं। इसके बाद भोपाल में 1 लाख 1 हजार 503, जबलपुर में 66 हजार 678 और ग्वालियर में 61 हजार 520 मतदाता एबसेंट मिले हैं। प्रदेशभर में एबसेंट वोटर्स की कुल संख्या 8 लाख 42 हजार 677 है।
मृत मतदाताओं में जबलपुर शीर्ष पर
मृत मतदाताओं की सूची में जबलपुर जिला 51 हजार 357 के आंकड़े के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद इंदौर में 43 हजार 741, सागर में 36 हजार 467, भोपाल में 33 हजार 791, धार में 27 हजार 943, ग्वालियर में 27 हजार 852 और उज्जैन में 27 हजार 851 मृत मतदाता पाए गए हैं। सभी जिलों को मिलाकर मृत मतदाताओं की संख्या 8 लाख 46 हजार 184 है।
नो मैपिंग श्रेणी में इंदौर आगे
नो मैपिंग श्रेणी में इंदौर जिला 1 लाख 33 हजार 696 मतदाताओं के साथ पहले स्थान पर है। भोपाल में 1 लाख 16 हजार 925, जबलपुर में 69 हजार 394, ग्वालियर में 68 हजार 540 और उज्जैन में 48 हजार 35 मतदाता इस श्रेणी में शामिल किए गए हैं। प्रदेशभर में नो मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या 8 लाख 65 हजार 832 है।



