एयरपोर्ट पर दिखा दो देशों की दोस्ती का रंग, पीएम मोदी और इजरायली फर्स्ट लेडी के ‘केसरिया’ परिधान की हुई चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपने दो दिवसीय इजरायल दौरे पर तेल अवीव पहुंचे। बेन गुरियन एयरपोर्ट पर इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ उनकी अगवानी के लिए मौजूद रहे। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से मुलाकात हुई।
स्वागत के दौरान एक हल्का फुल्का पल भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी के विमान से उतरने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नेतन्याहू से हाथ मिलाया और फिर सारा नेतन्याहू का अभिवादन किया। इस दौरान नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी के केसरिया रंग के पॉकेट स्क्वायर और उनकी पत्नी की ड्रेस के रंग का जिक्र करते हुए मुस्कुराते हुए कहा, देखिए इन्होंने क्या पहना है। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी मुस्कुराते हुए कहा, हां, हां… भगवा। इस टिप्पणी पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े और यह पल चर्चा का विषय बन गया।
केनेसट को किया संबोधित, मिला सर्वोच्च सम्मान
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल की संसद Knesset को संबोधित किया। अपने संबोधन के बाद उन्हें स्पीकर ऑफ द केनेसट मेडल से सम्मानित किया गया, जो इजरायल का सर्वोच्च संसदीय सम्मान माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि इस प्रतिष्ठित सदन को संबोधित करना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वह भारत के प्रधानमंत्री के रूप में और एक प्राचीन सभ्यता के प्रतिनिधि के तौर पर दूसरी प्राचीन सभ्यता को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों की ओर से दोस्ती, सम्मान और साझेदारी का संदेश लेकर आए हैं।
आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद कहीं भी हो, वह पूरी मानवता और शांति के लिए खतरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्दोष नागरिकों की हत्या को किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि भारत भी लंबे समय से आतंकवाद का दर्द झेलता रहा है और इस विषय में उसका रुख स्पष्ट और सख्त है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इजरायल की तरह भारत की भी आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और इसमें किसी प्रकार का दोहरा मापदंड नहीं है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा किए गए हमले में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे को भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



