छत्तीसगढ़ में ठंड और बढ़ेगी, अंबिकापुर में lबुजुर्ग की मौत

रायपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। बीते 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
इस बीच अंबिकापुर से लगे श्रीगढ़ क्षेत्र में नए साल की रात एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। उनका शव पैरावट में अकड़ा हुआ मिला। बताया गया कि कम कपड़ों में खुले में सोने के कारण वे हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए।
गौरतलब है कि अंबिकापुर में ठंड से मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 11 दिसंबर की रात अंबिकापुर बस स्टैंड परिसर में खुले में सो रहे एक व्यक्ति की भी ठंड से मौत हो चुकी है।



