छत्तीसगढ़ में ठंड का कहर जारी: कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी, रायपुर में धुंध के आसार

रायपुर। दिसंबर के बाद जनवरी में भी ठिठुरन भरी सर्दी जारी रहने वाली है। मकर संक्रांति से पहले सर्द रातों से राहत की अधिक संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की कमी हो सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि का दौर शुरू होने की संभावना है। 24 से 48 घंटे बाद ठंड में हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन यह राहत उल्लेखनीय नहीं होगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीतलहर की आशंका जताई है। गुरुवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ पॉकेट्स में शीतलहर चली। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम में बदलाव की वजह उत्तरी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर है। वहीं, उत्तर भारत के ऊपर करीब 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार वाली पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने 9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के एक-दो पॉकेट्स में शीतलहर की संभावना जताई है। 10 जनवरी को इन इलाकों के साथ दुर्ग में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में सर्वाधिक तापमान दुर्ग जिले में 28.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। माना में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री रहा। राजधानी में आज धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान है।



