मुख्यमंत्री ने पर्वतारोही अमिता श्रीवास को माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए दी शुभकामनाएं

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास से मुलाकात कर उन्हें माउंट एवरेस्ट फतह करने के आगामी अभियान के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस मुलाकात के दौरान अमिता ने अपने संकल्प के बारे में जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अमिता आगामी 9 अप्रैल को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के लक्ष्य के साथ काठमांडू के लिए रवाना होंगी। उन्होंने इस अभियान को केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता का यह प्रयास साबित करता है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रदेश की बेटियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किए जा रहे नए मानकों की भी सराहना की।
उल्लेखनीय है कि अमिता श्रीवास ने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर माउंट किलिमंजारो पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अमिता अपने इस साहसिक अभियान में भी सफल होंगी और विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने अमिता को प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



