छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का रोस्टर 8 अप्रैल से बदलेगा, तीन डिवीजन बेंच और 13 सिंगल बेंच में होगी सुनवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के रोस्टर में 8 अप्रैल से बदलाव किया जा रहा है। नए रोस्टर के तहत तीन डिवीजन बेंच के साथ कुल 13 सिंगल बेंचों में नियमित रूप से मामलों की सुनवाई होगी।
पहली डिवीजन बेंच में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविन्द्र कुमार अग्रवाल जनहित याचिकाएं, हेबियस कार्पस याचिकाएं, वर्ष 2020 तक की आपराधिक अपील, आपराधिक अवमानना याचिकाएं, धारा 482 के तहत आवेदन तथा धारा 419 और 378 से संबंधित मामलों की सुनवाई करेंगे।
दूसरी डिवीजन बेंच में जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत सिविल मामले, कंपनी अपील, टैक्स से जुड़े प्रकरण और वर्ष 2022 तक के अल्ट्रा वायरस मामलों की सुनवाई करेंगे। यह बेंच कमर्शियल अपीलेट मामलों को भी देखेगी।
तीसरी डिवीजन बेंच में जस्टिस संजय अग्रवाल और जस्टिस एन के व्यास उन आपराधिक मामलों की सुनवाई करेंगे, जो किसी अन्य डिवीजन बेंच को आवंटित नहीं हैं। इसके साथ ही वर्ष 2016 तक की इक्विटल अपील और 2022 तक के अल्ट्रा वायरस मामलों की सुनवाई भी इसी बेंच द्वारा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की विशेष सिंगल बेंच सहित कुल 13 सिंगल बेंचों का गठन किया गया है, जिनमें विभिन्न मामलों की नियमित सुनवाई की जाएगी।



