छत्तीसगढ़ सरकार का फैसला: शौर्य पदक विजेताओं को भूमि के बदले मिलेगी नकद राशि, गृह मंत्री ने दी जानकारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले जवानों और अधिकारियों को विशेष आर्थिक सम्मान दिया जाता है। यह जानकारी राज्य के गृह मंत्री Vijay Sharma ने गुरुवार को विधानसभा के प्रश्नकाल में दी।
भाजपा विधायक Ramkumar Toppo के प्रश्न के जवाब में गृह मंत्री ने बताया कि सशस्त्र बलों में वीरता पुरस्कार पाने वाले जवानों को उनके नियोक्ता बल की ओर से एकमुश्त 20 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाती है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से उन्हें आजीवन 20 हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस और सशस्त्र बल के जवानों को राष्ट्रपति वीरता पदक और अन्य वीरता पदक मिलने पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित मौद्रिक भत्ते भी दिए जाते हैं। वहीं, राज्य पुलिस बल के कार्मिकों को छत्तीसगढ़ शौर्य पदक मिलने पर राज्य सरकार द्वारा अलग से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
गृह मंत्री ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र के अनुसार छत्तीसगढ़ के स्थायी निवासी, जो सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों या राज्य बलों में सेवारत हैं, उन्हें वीरतापूर्ण कार्य के लिए शौर्य और युद्ध सेवा पदक श्रृंखला के तहत सम्मानित होने पर भूमि के बदले नगद अनुदान भी दिया जाता है।



