कूनो में बढ़ा चीतों का कुनबा: दूसरी बार मां बनी मादा चीता गामिनी, सीएम मोहन यादव ने जताई खुशी

भोपाल। कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर अच्छी खबर आई है। यहां मादा चीता गामिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया है। गामिनी को दक्षिण अफ्रीका से भारत लाया गया था। नए शावकों के जन्म के बाद कूनो में चीतों की संख्या और बढ़ गई है।
इस अवसर पर केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुशी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश चीतों के पुनर्स्थापन का सशक्त केंद्र बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रोजेक्ट चीता के अंतर्गत दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया है। उन्होंने इसे वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
गामिनी दूसरी बार मां बनी है। श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीतों के आगमन के तीन वर्ष पूरे होने के साथ यह नौवां सफल प्रसव है। नए शावकों के जन्म के बाद भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गई है, जबकि देश में जन्मे जीवित शावकों की संख्या 27 तक पहुंच गई है।



