सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर एक युवती को डराने और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को चिचोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न्यूड फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता पर दबाव बना रहा था। मामला राजनांदगांव जिले के चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
पीड़िता ने लिखित शिकायत में बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो व्हाट्सएप तथा इंटरनेट के माध्यम से लगातार वायरल कर रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चौकी प्रभारी योगेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच में पता चला कि यह कृत्य ग्राम कोलिहापुरी निवासी 26 वर्षीय जनक लाल साहू द्वारा किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पोको मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लीलता फैलाने और महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।



