कोंडागांव में टेंट संचालक की हत्या कर मिट्टी में दबाया शव, संदेही हिरासत में

कोंडागांव। शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक खेत में टेंट संचालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान विकासनगर निवासी सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो शनिवार से लापता थे। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में मिट्टी के मलबे के नीचे दबा दिया था।
शनिवार से लापता थे सुरेश चौहान
परिजनों के अनुसार, सुरेश चौहान शनिवार को अपनी गाड़ी लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद उनकी कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार सुबह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित खेत में मिट्टी के ढेर के पास शव होने की सूचना मिली, जिसके बाद कोतवाली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।
घर के पास मिली गाड़ी और खून से सना पर्स
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के घर के समीप ही उनकी गाड़ी बरामद हुई है। वहीं, घर से कुछ दूरी पर सुरेश का पर्स भी मिला है, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल और घर के आसपास से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। सुरेश चौहान टेंट के कारोबार से जुड़े थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।
संदेही से पूछताछ जारी
कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या के कारणों और आरोपियों का खुलासा कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है।



