पहलगाम हमले के बाद भारत-पाक सीमा पर बढ़ा तनाव, BSF जवान पाकिस्तान की हिरासत में…

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इसी बीच फिरोजपुर स्थित भारत-पाक सीमा पर एक अप्रत्याशित घटना घटी, जहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक जवान गलती से जीरो लाइन पार कर पाकिस्तान की सीमा में चला गया। पाकिस्तानी रेंजर्स ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
किसानों की निगरानी करते हुए हुआ सीमा उल्लंघन...
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, BSF जवान सीमा पर फसल काट रहे भारतीय किसानों की निगरानी कर रहा था। यह क्षेत्र नो-मेंस-लैंड कहलाता है, जहां कंटीली तार भारतीय सीमा के भीतर ही लगी होती है और जीरो लाइन तक किसानों को खेती की अनुमति होती है। फसल बोने और काटने के दौरान जवान किसानों की सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं। बताया जा रहा है कि गर्मी अधिक होने के कारण जवान थोड़ी देर पेड़ की छांव में बैठने के लिए आगे बढ़ा और अनजाने में जीरो लाइन पार कर गया। पाक रेंजर्स ने तुरंत उसे पकड़ लिया और उसके हथियार भी जब्त कर लिए।
रातभर चली फ्लैग मीटिंग...
घटना के बाद BSF अधिकारियों ने सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग की, जो देर रात तक जारी रही। फिलहाल जवान को छुड़वाने के प्रयास किए जा रहे हैं। BSF की ओर से अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भारत की कड़ी प्रतिक्रिया: सिंधु जल संधि और वीजा रद्द...
पहलगाम हमले को लेकर भारत ने सख्त रुख अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में अहम निर्णय लिए गए। भारत ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया है। साथ ही पाकिस्तान के नागरिकों को दिए जाने वाले सभी वीजा भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा भारत में स्थित पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने और पाक राजनयिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का निर्देश भी जारी किया गया है।